उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में शिक्षामित्र सम्मान समारोह, मानदेय वृद्धि पर जताया आभार

कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों ने बांटे डमी चेक, मुख्यमंत्री कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण

रिपोर्ट: लारेंस सिंह 

उत्तर प्रदेश के चंदौली में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य ‘शिक्षामित्र सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में की गई वृद्धि के फैसले का स्वागत किया गया और इसे शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक कदम बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान जनपद के शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीक स्वरूप डमी चेक वितरित किए गए। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षामित्रों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि से शिक्षामित्रों का मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक समर्पण के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करेंगे।

वहीं, सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह ने शिक्षामित्रों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में उनका योगदान बेहद अहम है। उन्होंने सभी शिक्षामित्रों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की अपील की।

इसके अलावा पीडीडीयू नगर के विधायक रमेश जायसवाल और चकिया के विधायक कैलाश आचार्य ने भी शिक्षामित्रों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में बताया गया कि मानदेय वृद्धि के निर्णय से जनपद के 1424 शिक्षामित्र सीधे लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम के दौरान पांच-पांच शिक्षामित्रों के समूहों को डमी चेक सौंपे गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

समारोह के दौरान प्रदेश स्तर पर आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। शिक्षामित्रों ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button