उत्तर प्रदेशचंदौली

दैवीय आपदा में मृत युवक के परिवार को राहत, विधायक की पहल पर मिला 4 लाख का सहयोग

आंधी-बारिश में पेड़ गिरने से हुई थी मौत, तहसील प्रशासन ने सौंपा सहायता राशि का चेक

रिपोर्ट: अवधेश राय 

कमालपुर क्षेत्र के इनायतपुर गांव में दैवीय आपदा में जान गंवाने वाले युवक के परिजनों को आखिरकार आर्थिक सहायता मिल गई है। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह की पहल पर मृतक लालू राम के परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

बताया जा रहा है कि बीते 29 अप्रैल की शाम अचानक मौसम में बदलाव के साथ तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई थी। इसी दौरान इनायतपुर गांव के 45 वर्षीय लालू राम घर के बाहर रखी चारपाई उठाने गए थे, तभी नीम के पेड़ की भारी डाली उनके ऊपर गिर गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार में उनकी पत्नी मुन्नी देवी सहित चार बेटियां और एक बेटा है, जिनके सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था।

घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक सुशील सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सकलडीहा एसडीएम से वार्ता कर दैवीय आपदा कोष से सहायता दिलाने के निर्देश दिए।

मंगलवार को विधायक प्रतिनिधि अन्नू सिंह मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना देते हुए चार लाख रुपये का चेक मुन्नी देवी को सौंपा। इस आर्थिक मदद से परिवार को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस दौरान बीडीसी राहुल राजभर, अंशु सिंह, अनंत कुमार, गोपाल बिंद, रमेष्ट सिंह सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button