चंदौली में 50 लाख से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं की समीक्षा, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता पर जोर, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जनपद में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स एवं त्वरित आर्थिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विकास परियोजनाओं में गुणवत्तापूर्ण निर्माण, समयबद्धता और तेजी से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने पेयजल, सड़क निर्माण, विद्युत व्यवस्था और सरकारी भवनों से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में क्षय रोगालय भवन के निर्माण कार्य में शिथिलता और काशीराज संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, चकिया के निर्माण कार्य में देरी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर UPPCL के प्रोजेक्ट मैनेजर का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश भी दिए गए।
इसके अलावा उ०प्र० राज्य सेतु निगम लिमिटेड को डीएफसीसी ऊपरगामी सेतुओं के निर्माण कार्य को निर्धारित समय और मानकों के अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना कार्य में तेजी लाने और स्पोर्ट्स स्टेडियम की ई-निविदा प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी भी कार्य में समस्या आती है तो तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। साथ ही सभी परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, मुख्य चिकित्साधिकारी, डीसी नरेगा, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, उद्यान अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।



