उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में शराब तस्करी का बड़ा भंडाफोड़, 145 पेटी अवैध शराब बरामद; एक गिरफ्तार, चालक फरार

वाराणसी-चंदौली मार्ग पर पुलिस चेकिंग में ट्रक से 1362 लीटर शराब जब्त, बिहार में सप्लाई की थी तैयारी

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार यादव के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम वाराणसी-चंदौली मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पचफेडवा बाजार स्थित रिंग रोड ओवरब्रिज के पास एक संदिग्ध ट्रक (UP65 HT 4242) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया गया। हालांकि, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

ट्रक में मौजूद एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान बिहार के कैमूर जिले के 21 वर्षीय अंतू दीक्षित के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 1400 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

वाहन की गहन तलाशी में प्लास्टिक के नीचे छिपाकर रखी गई कुल 145 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। इसमें 20 पेटी ‘8 PM’ (180 ML) और 125 पेटी ‘ब्लूलाइम 6000’ (200 ML) ब्रांड की शराब शामिल है। कुल 1362 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी जा रही है।

बरामद शराब की पेटियों पर ‘For Sale in Uttar Pradesh Only’ अंकित था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब को बिहार में अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था, जहां पूर्ण शराबबंदी लागू है।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह चालक के साथ मिलकर वाराणसी से शराब लाकर बिहार में सप्लाई करता था और मुनाफे में हिस्सा लेता था।

इस मामले में थाना अलीनगर में धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button