उत्तर प्रदेशचंदौली

चन्दौली में मोबाइल टावर चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

अलीनगर पुलिस की कार्रवाई में 5 लाख के उपकरण बरामद, दिल्ली में बेचता था गिरोह

रिपोर्ट: लारेंस सिंह 

चन्दौली जनपद की अलीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के उपकरण बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के सदलपुरा गांव स्थित एक मोबाइल टावर से कुछ दिन पहले कीमती उपकरण चोरी हुए थे। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अलीनगर पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी थी। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, लोकेशन ट्रैकिंग और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे सुनसान इलाकों में स्थित मोबाइल टावरों को निशाना बनाते थे और वहां से आरआरयू (RRU) समेत अन्य महंगे उपकरण चोरी करते थे। इसके बाद चोरी के सामान को दिल्ली के बाजारों में ऊंचे दामों पर बेच देते थे, ताकि पहचान से बच सकें। बरामद उपकरणों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी काफी कीमत बताई जा रही है।

चन्दौली के अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी एक सक्रिय अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य हैं और इनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मोबाइल टावर चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button