स्कूल चलो अभियान: उसरी में जागरूकता रैली से शिक्षा का संदेश गूंजा
बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने मिलकर निकाली रैली, ड्रॉपआउट बच्चों के नामांकन पर जोर

रिपोर्ट: गणपत राय
इलिया क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय उसरी (ब्लॉक शहाबगंज) में मंगलवार को “स्कूल चलो नामांकन अभियान” के तहत एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली का शुभारंभ ग्राम प्रधान नंदकुमार और पंडित बच्चन महाविद्यालय के प्रबंधक अभिषेक पांडेय ने फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद बच्चों की टोली ढोल-ताशों के साथ और हाथों में रंग-बिरंगी तख्तियां लेकर उसरी बस्ती से शाहपुर चौराहे तक निकली। “स्कूल चलो अभियान” के नारों से गूंजती यह रैली गांव का भ्रमण करते हुए पुनः विद्यालय परिसर में समाप्त हुई।
रैली के दौरान बच्चों ने “अब ना हो बाल श्रम का बोझ, हर बच्चा पढ़े हर रोज” और “आओ हर बच्चे को स्कूल में लाएं” जैसे नारों के माध्यम से शिक्षा का महत्व बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूल से बाहर रह रहे बच्चों को मुख्यधारा में लाना, ड्रॉपआउट बच्चों का पुनः नामांकन कराना और 6 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का स्कूल में दाखिला सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर संस्था की प्रीति शर्मा, विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक संदीप कुमार, शिक्षिकाएं शशि प्रभा, रानी चौरसिया, शशिकला पांडेय, आरती देवी, शिक्षक अमन कुमार और आंगनबाड़ी कार्यकत्री वीणा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



