धीना में भीषण अग्निकांड, आधा दर्जन से ज्यादा झोपड़ियां राख, मासूम झुलसी
खेत से उठी आग ने लिया विकराल रूप, सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप; दमकल की देरी पर उठे सवाल

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चन्दौली के धीना थानाक्षेत्र अंतर्गत तम्बागढ़ गांव में बुधवार को भीषण अग्निकांड ने तबाही मचा दी। तेज पछुआ हवाओं के चलते खेत से उठी आग देखते ही देखते रिहायशी इलाके तक पहुंच गई, जिससे आधा दर्जन से अधिक झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस हादसे में पांच परिवारों के आशियाने पूरी तरह उजड़ गए, वहीं एक मासूम बच्ची आंशिक रूप से झुलस गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भयावह थी कि घरों में रखे गैस सिलेंडर एक के बाद एक धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस अग्निकांड में पीड़ित परिवारों के गहने, नकदी, अनाज, कपड़े और बच्चों की किताबें तक जलकर खाक हो गईं, जिससे उनके सामने रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना पर पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह “डब्लू” मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग करीब डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचा, तब तक सब कुछ जल चुका था। पूर्व विधायक ने दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पीड़ितों को तत्काल मुआवजा देने और क्षेत्र में स्थायी फायर स्टेशन स्थापित करने की मांग की।
वहीं, धीना थानाध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि आग खेत से फैलकर झोपड़ियों तक पहुंची थी। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और राजस्व विभाग को रिपोर्ट भेजी जा रही है, ताकि पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता मिल सके।



