लापरवाही पर SP का बड़ा एक्शन, मुगलसराय SI सस्पेंड, महकमे में मचा हड़कंप
जनसुनवाई में खुली जांच की पोल, गंभीर हमले के केस में धाराएं न बढ़ाने पर हुई कार्रवाई

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। जिले में पुलिस प्रशासन ने लापरवाही के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मुगलसराय थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामला 28 मार्च को हुए जानलेवा हमले से जुड़ा है, जिसमें पीड़ित के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे और वर्तमान में वाराणसी के अस्पताल में भर्ती हैं। गंभीर चोटों के चलते पीड़ित बयान देने की स्थिति में नहीं है।
जनसुनवाई के दौरान जब पीड़ित पक्ष ने अपनी शिकायत एसपी के सामने रखी, तो पूरे मामले की जांच कराई गई। जांच में यह सामने आया कि जांच अधिकारी ने गंभीरता के बावजूद मामले में आवश्यक धाराएं नहीं बढ़ाईं और लापरवाही बरती।
एसपी आकाश पटेल ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल दरोगा को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में किसी भी तरह की लापरवाही या पीड़ित के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



