मिर्जापुर में बढ़ा तनाव, सरदार सेना प्रमुख के खिलाफ थाने में शिकायत
ग्रामीणों ने अभद्रता और माहौल बिगाड़ने का लगाया आरोप, पुलिस ने जांच शुरू की

रिपोर्ट: गणपत राय
मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र में उस समय माहौल गरमा गया, जब ग्रामीणों ने सरदार सेना के प्रमुख आर.एस. पटेल और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा।
जानकारी के अनुसार, रामपुर अगर्संड मौजा में सरदार सेना के कुछ लोग कथित तौर पर हूटर बजाते हुए पहुंचे और स्वर्ण समाज के लोगों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान जानबूझकर माहौल बिगाड़ने और समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश की गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ दिन पहले हुए विवाद को आधार बनाकर एक पक्ष विशेष को निशाना बनाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शक्ति प्रदर्शन के नाम पर क्षेत्र में अशांति फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सरदार सेना प्रमुख आर.एस. पटेल, सुनील पटेल सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।
वहीं, अदलहाट थाना पुलिस का कहना है कि ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन लोगों में आक्रोश बना हुआ है।



