खोए स्मार्टफोन मिले वापस, चंदौली पुलिस ने लौटाई 121 परिवारों की मुस्कान
36 लाख से अधिक कीमत के मोबाइल बरामद, एसपी आकाश पटेल के निर्देशन में स्वाट व सर्विलांस टीम की बड़ी कामयाबी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली में खोए मोबाइलों को लेकर परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जनपद पुलिस की सक्रियता और तकनीकी मेहनत के चलते 121 परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के कुशल निर्देशन में स्वाट और सर्विलांस टीम ने 36 लाख रुपये से अधिक कीमत के कुल 121 गुमशुदा स्मार्टफोन बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया।
सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जब लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिले, तो उनकी खुशी देखने लायक थी। कई लोग ऐसे थे जिन्होंने अपने फोन मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की तत्परता ने उन्हें राहत दी।
दरअसल, जनसुनवाई के दौरान लगातार मोबाइल खोने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर संज्ञान लेते हुए एसपी आकाश पटेल ने स्वाट और सर्विलांस टीम को इन मोबाइलों को ट्रेस करने का विशेष निर्देश दिया। टीमों ने कई दिनों तक तकनीकी माध्यमों का सहारा लेते हुए अलग-अलग स्थानों से सभी मोबाइल बरामद किए।
इस सफल अभियान में स्वाट प्रभारी रामजनम यादव और सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। मोबाइल पाने वाले लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की खुलकर तारीफ की और आभार जताया।
एसपी आकाश पटेल ने कहा कि जनता की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए आगे भी इसी तरह कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।



