उत्तर प्रदेशचंदौली

वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में सूरज सिंह और रेशमी बने ओवरऑल चैंपियन

लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया दमखम, विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के पं. पारसनाथ तिवारी नवीन परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक राजेश कुमार तिवारी और प्राचार्य उदयन मिश्र द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रबंधक ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं, जो छात्रों को शारीरिक रूप से मजबूत और मानसिक रूप से ऊर्जावान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में खेल हमें मैदान से जोड़कर वास्तविक ऊर्जा का अनुभव कराते हैं।

प्राचार्य प्रो. उदयन मिश्र ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व और दृढ़ता जैसे गुणों का विकास करती हैं। उन्होंने छात्रों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सूरज प्रथम, सुप्रीत द्वितीय और सुरेंद्र तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर में भी सूरज ने प्रथम स्थान हासिल किया। 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ में मनीष और मनीष यादव ने क्रमशः शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में सत्यम राय और ऊंची कूद में सुप्रीत सिंह विजेता रहे, जबकि गोला फेंक और भाला फेंक में राकेश यादव और उमंग यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया।

वहीं महिला वर्ग में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में रेशमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। लंबी कूद में आश्रिता बारी और भाला फेंक में अंजलि ने बाजी मारी, जबकि शॉटपुट में भी रेशमी ने पहला स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के समापन पर पुरुष वर्ग में सूरज सिंह और महिला वर्ग में रेशमी को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन आयोजन सचिव डॉ. नवीन कुमार पांडेय द्वारा किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद रहे, जिनमें श्रीमती वंदना झा, प्रो. संजय, प्रो. इशरत, प्रो. अरुण, प्रो. अमित, प्रो. राजीव, प्रो. धनंजय, प्रो. भावना, डॉ. साधना, डॉ. विजयलक्ष्मी, डॉ. मीना, डॉ. नेहा, श्वेता, श्री विवेक, श्री व्रजेश, डॉ. हेमंत, डॉ. अमितेश, डॉ. युवराज, श्री संजय, डॉ. अजय और श्री हर्षवर्धन शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button