मिर्जापुर में भीषण आग से 10 बीघा गेहूं की फसल राख, किसानों की मेहनत खाक
मिर्जापुर के अदलहाट क्षेत्र में आग से भारी नुकसान, किसान कर रहे मुआवजे की मांग

रिपोर्ट: गणपत राय
मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरी सलाहपुर में रविवार शाम करीब 3 बजे अचानक गेहूं के खेत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 10 बीघा तैयार फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
इस अग्निकांड में किसान अशोक कुमार सिंह, बृजेश कुमार सिंह और पंप कैनाल ठेकेदार रमेश सिंह को भारी नुकसान हुआ है। कुछ ही मिनटों में सालभर की मेहनत और आमदनी जलकर खाक हो गई, जिससे पीड़ित किसान गहरे सदमे में हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाद में फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि दमकल समय पर पहुंचती तो नुकसान को कम किया जा सकता था।
प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल किसानों के नुकसान की भरपाई को लेकर है। पीड़ित किसानों ने सरकार से तत्काल मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आर्थिक सहायता नहीं मिली तो उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
अब देखना होगा कि प्रशासन जांच के साथ-साथ पीड़ित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए क्या कदम उठाता है।



