उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी में पेंशनर्स की बैठक, वैलिडेशन एक्ट 2025 पर जताया कड़ा विरोध

मासिक बैठक में 11 सूत्रीय मांगों पर नाराज़गी, सरकार को चेतावनी—मांगें पूरी न होने पर चुनाव में दिखेगा असर

रिपोर्ट: गणपत राय

वाराणसी में उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था, शाखा-वाराणसी की मासिक बैठक रविवार को पीडब्ल्यूडी स्थित डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इं० एस० डी० मिश्र ने की, जबकि संचालन जिलामंत्री अवध नारायण पाण्डेय द्वारा किया गया।

बैठक में प्रांतीय संरक्षक इं० शमसुल आरेफिन और जनपदीय संरक्षक इं० आर०पी० मिश्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत नए सदस्यों के परिचय से हुई, जिसके बाद अप्रैल माह में जन्मे पेंशनर्स का जन्मदिन मिष्ठान वितरण के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इसके बाद पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़ी गई, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

बैठक के दौरान वक्ताओं ने वैलिडेशन एक्ट 2025 को लेकर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने बताया कि 25 मार्च 2025 को प्रदेशभर में काला दिवस मनाते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा गया था। इसके अलावा भी दो बार अलग-अलग तिथियों पर ज्ञापन भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है।

पेंशनर्स ने 11 सूत्रीय मांगों के लंबे समय से लंबित रहने पर भी नाराजगी जाहिर की। वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार जल्द ही वैलिडेशन एक्ट 2025 वापस नहीं लेती और मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है, तो आगामी चुनाव में पेंशनर्स इसका जवाब अपने मताधिकार के जरिए देंगे।

बैठक में कई पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

Related Articles

Back to top button