एसपी आकाश पटेल ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा, अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश
अम्बेडकर जयंती से पहले पुलिस अलर्ट, महिला सुरक्षा, गश्त और अवैध तस्करी पर विशेष फोकस

रिपोर्ट: गणपत राय
चन्दौली जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में 10 अप्रैल 2026 की रात्रि पुलिस लाइन सभागार में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी आयोजनों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में आगामी डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती को देखते हुए पुलिस को विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं पर भी पैनी नजर रखी जाए और किसी भी तरह से माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे।
अपराध नियंत्रण की समीक्षा करते हुए एसपी ने थानावार लंबित विवेचनाओं को जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक थाने से ऐसे 5 विवेचकों की सूची मांगी गई, जो विवेचना में रुचि नहीं ले रहे हैं, ताकि उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ‘मिशन शक्ति’ और बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। एसपी ने थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ‘शून्य मृत्यु दर जिला’ (Zero Fatality District – ZFD) लक्ष्य के तहत सड़क दुर्घटनाओं में मौतों को कम करने के लिए केस बाय केस विश्लेषण तैयार करने को कहा गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैदल गश्त बढ़ाने और रात्रि गश्त में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।
इसके अलावा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, ई-साक्ष्य और ई-सम्मन से संबंधित सूचनाओं की समय पर फीडिंग तथा यक्ष ऐप पर डेटा अपडेट करने को भी अनिवार्य किया गया।
बैठक के अंत में एसपी आकाश पटेल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए।



