डीआरएम उदय सिंह मीना ने अंडरपास और ट्रैक रिन्यूअल कार्य का किया निरीक्षण
संरक्षा व्यवस्था, जल निकासी और आधुनिक तकनीक से हो रहे ट्रैक नवीनीकरण की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट: गणपत राय
वाराणसी मंडल में रेलवे संरक्षा और ट्रैक अनुरक्षण को लेकर निरीक्षण अभियान जारी है। इसी क्रम में शनिवार, 11 अप्रैल 2026 को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना ने गंजख्वाजा और चंदौली मझवार स्टेशनों के मध्य विभिन्न कार्यस्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने किलोमीटर 663 पर स्थित लिमिटेड हाइट सबवे (अंडरपास) का अवलोकन किया। इस दौरान अंडरपास की संरचना, जल निकासी व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े प्रबंधों की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित निगरानी के साथ आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की संभावना न रहे।
इसके साथ ही किलोमीटर 662 पर चल रहे ट्रैक रिन्यूअल कार्य का भी निरीक्षण किया गया। मौके पर ट्रैक रिन्यूअल ट्रेन के माध्यम से पुराने स्लीपर और रेल को बदलने का कार्य तेजी से किया जा रहा था। यह आधुनिक तकनीक न केवल कार्य को तेज बनाती है, बल्कि ट्रैक की मजबूती, विश्वसनीयता और संचालन क्षमता को भी बढ़ाती है।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर सुरक्षा उपायों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से चालू लाइन के समीप कार्य करते समय सतर्कता बरतने, सुरक्षा मानकों का पालन करने और प्रभावी संचार व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीआरएम उदय सिंह मीना ने कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए सुरक्षित कार्य संस्कृति अपनाने और आधुनिक तकनीकों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया।



