इलिया में 75 हजार का इनामी गो-तस्कर गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद
पुलिस की घेराबंदी में अंतरराज्यीय अपराधी दबोचा गया, कई जिलों में दर्ज थे गंभीर मुकदमे

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली के इलिया थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 75 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय गो-तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान भगवान यादव निवासी निरंजनपुर थाना चैनपुर, जिला भभुआ (बिहार) के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी चन्दन कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर बनरसिया माइनर तिराहा के पास घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह मजदूरी का बहाना बनाकर क्षेत्र में सक्रिय रहता था और इसी आड़ में गो-तस्करी के नेटवर्क को संचालित करता था। अपनी सुरक्षा के लिए वह अवैध हथियार भी साथ रखता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चंदौली और सोनभद्र के विभिन्न थानों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार था और उस पर 75 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।



