उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में फार्मर रजिस्ट्री को लेकर सख्ती, 15 हजार पंजीकरण लंबित

तहसीलदार चन्द्रगुप्त सागर ने CSC संचालकों को गांव-गांव जाकर अभियान तेज करने के दिए निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली सदर तहसील में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया को तेज करने के लिए बुधवार को डाक बंगला गेस्ट हाउस में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार चन्द्रगुप्त सागर ने की, जिसमें जन सेवा केंद्र (CSC) संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि लंबित पंजीकरण को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

तहसीलदार ने बताया कि सदर तहसील क्षेत्र में अब भी करीब 15 हजार किसानों की फार्मर रजिस्ट्री लंबित है। उन्होंने संचालकों से कहा कि वे गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करें और पंजीकरण प्रक्रिया को मिशन मोड में पूरा कराएं, ताकि पात्र किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में पंजीकरण के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि नाम मिसमैच या अन्य त्रुटियों का त्वरित समाधान किया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पोर्टल से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।

अंत में तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संचालकों से शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की अपील की। बैठक में तहसील क्षेत्र के कई CSC संचालक और राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button