भीषण आग से उजड़ा आशियाना, गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी खाक
करौती गांव में सुबह लगी आग ने भरत राम का घर किया राख; खाने-रहने तक का संकट, मदद की उठी मांग

रिपोर्ट: अवधेश राय
करौती गांव में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब अचानक लगी भीषण आग ने एक गरीब परिवार की पूरी जिंदगी को तबाह कर दिया। कंदवा थाना क्षेत्र के इस गांव में भरत राम का घर आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि घर में रखा अनाज, कपड़े, साइकिल, चौकी, बिस्तर सहित रोजमर्रा के सभी सामान जलकर खाक हो गए।
घटना के वक्त परिवार के सदस्य किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन उनकी वर्षों की मेहनत से जुटाई गई पूरी गृहस्थी नष्ट हो गई। इस हादसे के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने तक का गंभीर संकट खड़ा हो गया है और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और पुनर्वास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे फिर से सामान्य जीवन जी सकें।



