उत्तर प्रदेशचंदौली

आमने-सामने टक्कर में मची चीख-पुकार, दो की हालत गंभीर

बथावर गांव के पास देर रात हुआ भीषण हादसा, घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर; एक बाइक चालक मौके से फरार

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर अचेत हो गए।

जानकारी के मुताबिक, ओरवा दिनदासपुर निवासी रामबली गिरी (55) अपने भतीजे बब्बू गिरी के साथ बथावर गांव की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बथावर गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी।

दूसरी बाइक पर धानापुर थाना क्षेत्र के खड़ाने गांव निवासी अखिलेश बिंद (18) अपने एक साथी के साथ सवार था। टक्कर के बाद बाइक चला रहा युवक मौके से फरार हो गया, जबकि अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button