अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या, पति ने हैंडपंप के हैंडल से उतारा मौत के घाट
चंदौली के बिछिया गांव में दिल दहला देने वाली वारदात, शव को तीन बोरों में भरकर जंगल में फेंका, पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंधों के शक ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया गांव में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिछिया गांव निवासी गौतम खरवार का विवाह वर्ष 2020 में सोनी खरवार के साथ हुआ था। दोनों का एक पांच साल का बेटा भी है। बताया जा रहा है कि बीते कुछ समय से पति-पत्नी के बीच शक को लेकर विवाद चल रहा था, जो अक्सर झगड़े का कारण बनता था।
घटना के दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। उस समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान गुस्से में आकर पति ने स्टोर रूम में रखा हैंडपंप का हैंडल उठाया और पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। उसने घर में फैले खून के निशानों को साफ किया और शव को चादर व तीन बोरों में बांध दिया। इसके बाद उसने एक दोस्त से झूठ बोलकर चार पहिया वाहन लिया और रात के अंधेरे में शव को चकिया क्षेत्र के जंगल में फेंक आया।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शव और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।



