नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनकर का भव्य सम्मान, चहनियां में आयोजित समारोह
खंडवारी देवी इंटर कॉलेज में हुआ सम्मान कार्यक्रम, समाज के उत्थान और एकजुटता पर दिया जोर

रिपोर्ट: गणपत राय
चहनियां के खंडवारी देवी इंटर कॉलेज में शनिवार को अखिल भारतीय खटीक समाज के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनकर के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों और संस्थान के प्रबंध निदेशक ने उन्हें माल्यार्पण और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां खंडवारी शिक्षण संस्थान समूह के प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह द्वारा सम्मान के साथ की गई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का पद एक बड़ी जिम्मेदारी है, जो समाज को संगठित करने और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का अवसर देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिनेश सोनकर अपने नेतृत्व और समर्पण के दम पर समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि दिनेश सोनकर का मनोनयन उनके लंबे समय से किए गए समाज सेवा और समर्पण का परिणाम है। उन्हें प्रदेश के करोड़ों लोगों के नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। सभी ने आशा जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन मजबूत होगा और समाज के उत्थान के लिए प्रभावी कार्य किए जाएंगे।
इस मौके पर सुनील सिंह, मुरलीधर तिवारी, विजय सिंह, उपेंद्र दूबे, प्रेम नारायण तिवारी, अम्बरीश उपाध्याय, दिलीप सिंह, विजय यादव, अनंत नारायण चौबे, फूलचंद सोनकर, प्रमोद कुमार, नंदलाल राम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



