दुलहीपुर के सतपोखारी में खुली बैठक में हंगामा, जांच प्रक्रिया और वोटर लिस्ट पर उठे सवाल
ग्रामवासियों ने पारदर्शिता की कमी का लगाया आरोप, फर्जी आधार-वोटर आईडी मामले की जांच के आदेश

रिपोर्ट: गणपत राय
दुलहीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत सतपोखारी में 2 अप्रैल 2026 को पंचायत भवन में आयोजित खुली बैठक के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। बैठक में ग्राम प्रधान, स्थानीय ग्रामीण, संबंधित पक्षों के लोग और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
बैठक के दौरान ग्रामवासियों ने 30 और 31 दिसंबर 2025 को हुई जांच और कार्यवाही पर गंभीर सवाल उठाए। लोगों का आरोप था कि जांच रिपोर्ट के अनुपालन में पारदर्शिता नहीं बरती गई, जिससे गांव में असंतोष का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछली बैठक में जिन लोगों के खिलाफ अवैध तरीके से वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने की बात सामने आई थी, उनके खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस मुद्दे पर बैठक में मौजूद लोगों ने खुलकर नाराजगी जताई।
इसके अलावा, कुछ नए मोबाइल नंबरों के जरिए संदिग्ध गतिविधियों के संचालन की शिकायतें भी सामने आईं। ग्रामीणों ने मांग की कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक के दौरान ग्राम प्रधान के विपक्षी पक्ष के लोगों ने 24 आधार कार्ड और 2 वोटर आईडी पेश किए, लेकिन बताए गए नामों से कोई व्यक्ति मौके पर नहीं मिला। इस पर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
इस संबंध में एसडीएम अनुपम मिश्रा और सीओ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी व्यक्ति फर्जी तरीके से आधार कार्ड और वोटर आईडी बनवाने में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में डीडीयू नगर के नायब तहसीलदार अमित कुमार सिंह, इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह, इंस्पेक्टर राजेश कुमार मिश्रा, महिला थाना इंचार्ज पूजा कौर समेत राजस्व विभाग की टीम और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।



