मरूई कुटी में गुरुदेव की पंचम पुण्यतिथि श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाई गई
पुष्पांजलि, दीप प्रज्वलन और भव्य भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली: जिले के सैय्यदराजा स्थित मरूई कुटी में परम पूज्य गुरुदेव भगवान श्री श्री 1008 श्री राम कमल दास शास्त्री जी महाराज (साकेतवासी) की पंचम पुण्यतिथि आज गुरुवार को श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाई गई। श्री सीता राम जी महाराज की कृपा से आयोजित इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, महंत, श्रद्धालु और भक्तगण शामिल हुए।
कार्यक्रम के तहत गुरुदेव को भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित की गई और दीप प्रज्वलन कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद भव्य भंडारे का आयोजन शुरू हुआ, जिसमें दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत 31 मार्च को सम्पूर्ण रामचरितमानस पाठ से हुई थी। इसके बाद 1 अप्रैल को अखंड राम नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। आज मुख्य आयोजन के रूप में पुण्यतिथि समारोह पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
श्री रामजानकी मंदिर परिसर, श्रीरामानन्दीय वैष्णव आश्रम मरूई कुटी में आयोजित इस कार्यक्रम में संत समाज, महंतगण, शिष्यगण और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। पूरे आयोजन के दौरान “राम नाम” के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा।
आयोजन समिति ने बताया कि इस पुण्य अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया।



