सैय्यद राजा में जन सुनवाई कार्यालय का भव्य उद्घाटन, जनता को मिला नया मंच
धानापुर में सपा कार्यालय की शुरुआत, पूर्व विधायक मनोज सिंह के नेतृत्व में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली के धानापुर क्षेत्र में सैय्यद राजा विधानसभा अंतर्गत महुजी मार्ग पर समाजवादी पार्टी के जन सुनवाई कार्यालय का भव्य उद्घाटन बुधवार को उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व विधायक मनोज सिंह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।
इस जन सुनवाई कार्यालय का उद्घाटन ब्लॉक अध्यक्ष रामभवन मौर्य ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह कार्यालय आम जनता की समस्याओं के समाधान का एक मजबूत केंद्र साबित होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनके त्वरित समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भी रामभवन मौर्य ने की, जबकि संचालन विधानसभा महासचिव आतिफ खां “जिद्दी” ने किया। आयोजन में बूथ, सेक्टर और जोन स्तर के प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय जनता और पार्टी के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करेगा, जिससे लोगों की समस्याओं का सीधा समाधान संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता और गणमान्य लोग शामिल हुए, जिनमें मंगल कवि, रामदुलारे कन्नौजिया, लालमनी पाल, रामधनी यादव, महगू राम, प्यारे लाल यादव, द्वारिका खरवार, डॉ. दरोगा शर्मा, लालता प्रसाद कन्नौजिया, उमा निषाद, एकालख खां, राजनाथ बिंद, रामप्रवेश सिंह, नसीम अहमद, जसवंत यादव, रामलछन राम, छोटे लाल यादव, जानकी यादव, अंजनी सिंह, इबरार अहमद, रमाकांत प्रधान, संदीप गुप्ता, सीताराम प्रजापति और बबलू सिंह समेत कई लोग शामिल रहे।
जन सुनवाई कार्यालय का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सीधे सुनना, उनका त्वरित समाधान करना और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने “साइकिल” के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।



