राइस मिल में रहस्यमयी आग का तांडव, 6 दिनों में लाखों का नुकसान
चंदौली के मनियारपुर गांव में लगातार आगजनी से दहशत, कारण अब तक अज्ञात

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मनियारपुर गांव में स्थित एक राइस मिल में बीते एक सप्ताह से हो रही रहस्यमयी आगजनी की घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है। लगातार लग रही आग से न केवल भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों के बीच डर और अनिश्चितता का माहौल भी बन गया है।
मनियारपुर गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित हरिध्यान यादव की राइस मिल में इस वर्ष धान की खरीद कर बड़े पैमाने पर भंडारण किया गया था। मिल संचालक के अनुसार, पिछले 5-6 दिनों से मिल परिसर में अचानक आग लग जा रही है, जबकि इसके पीछे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
बुधवार को एक बार फिर मिल से आग की तेज लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस आग की चपेट में आकर भारी मात्रा में धान, तैयार चावल, हजारों खाली बोरे और कीमती मशीनरी जलकर खाक हो चुकी है।
मिल संचालक हरिध्यान यादव के मुताबिक, अब तक करीब 10 से 15 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है। लगातार हो रही इस क्षति ने उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग बुझने के बाद भी यह सवाल बना हुआ है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के बार-बार आग कैसे लग रही है।
इस रहस्यमयी आगजनी ने प्रशासनिक जांच पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग इसे शॉर्ट सर्किट, किसी शरारती तत्व की करतूत या अन्य संभावनाओं से जोड़कर देख रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि आग लगने के असली कारण का पता चल सके और मिल संचालक को राहत मिल सके।



