नाली में अचेत मिला युवक, अस्पताल ले जाते समय मौत
चंदौली के अमरीपुर गांव में घटना, मानसिक तनाव में था मृतक; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरीपुर गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक 30 वर्षीय युवक नाली में अचेत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे ग्रामीणों ने काली मंदिर के पास सड़क किनारे बनी नाली में एक युवक को गिरा हुआ देखा। युवक का आधा शरीर पुलिया के अंदर फंसा हुआ था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और बलुआ पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने टीम के साथ युवक को बाहर निकलवाया।
मृतक की पहचान आनंद कुमार पाण्डेय (30 वर्ष), पुत्र अजय कुमार पाण्डेय के रूप में हुई है। रेस्क्यू के दौरान उसकी सांसें चल रही थीं, जिसे देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए उसे अपनी सरकारी गाड़ी से पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, आनंद की शादी फुल्ली गांव निवासी निक्कू पाण्डेय से हुई थी, लेकिन बीते चार वर्षों से पत्नी अपने 6 वर्षीय बेटे के साथ मायके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि इस पारिवारिक अलगाव के चलते आनंद मानसिक तनाव में था। वह दो भाइयों में छोटा था, जबकि उसका बड़ा भाई अभिषेक पाण्डेय वाराणसी में रहकर परिवार का पालन-पोषण करता है।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां विद्या देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है और माहौल गमगीन हो गया है।
फिलहाल बलुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला नाली में गिरने और दम घुटने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।



