सरकारी स्कूलों की शिक्षा सुधार पर मंथन, शिक्षकों को दी गई बड़ी जिम्मेदारी
प्राथमिक विद्यालय इमिलिया में ‘शिक्षा चौपाल’ का आयोजन, निपुण भारत मिशन और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा पर हुई चर्चा

रिपोर्ट: अवधेश राय
कमालपुर क्षेत्र के बरहनी विकास खंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय इमिलिया में सोमवार को शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। प्रधानाध्यापक आलोक सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में घोसवा न्याय पंचायत के शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि इंदल सिंह बाबा और शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष यशवर्धन सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्वलित कर की।
बैठक के दौरान सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही घोसवा न्याय पंचायत के टॉपर विद्यार्थियों को मेडल, कॉपी, पेन, पेंसिल और अन्य शैक्षिक सामग्री देकर सम्मानित किया गया।
इंदल सिंह बाबा ने कहा कि सरकार की मंशा है कि परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा को इतना सशक्त बनाया जाए कि अभिभावकों का झुकाव निजी विद्यालयों से हटकर सरकारी विद्यालयों की ओर बढ़े। उन्होंने शिक्षकों से बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने की अपील की।
वहीं, शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष यशवर्धन सिंह ने कहा कि निपुण भारत मिशन के तहत विद्यालयों की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर जोर दिया।
एआरपी विजय उपाध्याय ने कहा कि शिक्षक पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, लेकिन छात्रों की उपस्थिति एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने शिक्षकों से अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने की अपील की, ताकि शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बांके सिंह ने की, जबकि संचालन प्रधानाध्यापक आलोक सिंह ने किया। इस दौरान कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



