बड़गावां के मुशायरे में गूंजी गंगा-जमुनी तहजीब, रातभर शेरो-शायरी से सजा समां
कौमी यकजहती फाउंडेशन के आयोजन में देशभर के शायरों ने दी शानदार प्रस्तुतियां, हिंदू-मुस्लिम एकता का दिया संदेश

रिपोर्ट: गणपत राय
इलिया क्षेत्र के बड़गावां गांव में सोमवार देर शाम आयोजित आल इंडिया मुशायरा व कवि सम्मेलन गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। कौमी यकजहती फाउंडेशन के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में देशभर से आए शायरों और कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भोर तक बांधे रखा।
मुशायरे में शेरो-शायरी, हास्य-व्यंग्य, देशभक्ति और श्रृंगार रस की कविताओं ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। “नफरत की आंधियों में भी मोहब्बत का दिया जलाएंगे…” जैसे संदेशों से कार्यक्रम में भाईचारे और एकता की भावना साफ झलकती रही। श्रोताओं ने देर रात तक कविताओं का भरपूर आनंद लिया और हर प्रस्तुति पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
कार्यक्रम में डॉ. सबा बलरामपुरी, दमदार बनारसी, रुबीना अयाज, प्रतिभा यादव, रौशन हबीबा, सलमान जफर, डॉ. सुरेश अकेला, सुहैल उस्मानी, खुर्शीद हैदर, शारिक फूलपुरी और हर्षित मिश्रा सहित कई शायरों ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया।
मुख्य अतिथि चकिया चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं और हमारी साझा संस्कृति की असली पहचान को जीवंत रखते हैं।
इस दौरान पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एड., हमीदुल्ला अंसारी, शीतला राय, अनिल केशरी, मुस्ताक अहमद, अशरफ जमाल, जमील अहमद, शाहनवाज अहमद, उस्मान गनी बबलू, अयूब खान, अनीस खान और इरफान अहमद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुशायरे की अध्यक्षता अबू बकर इंजीनियर सिद्दीकी ने की, जबकि संचालन नसीम साज ने किया।



