उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली के 1.98 लाख किसानों को बड़ी सौगात, पीएम किसान की 22वीं किस्त खातों में पहुंची

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी से जारी की सम्मान निधि, जिले भर में लाइव प्रसारण के साथ मनाया गया उत्सव

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शुक्रवार को जिले के अन्नदाताओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा असम के गुवाहाटी से योजना की 22वीं किस्त जारी करते ही चंदौली जनपद के 1,98,246 किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की धनराशि सीधे ट्रांसफर कर दी गई।

उप कृषि निदेशक भीमसेन ने बताया कि जिले में इस अवसर को उत्सव की तरह मनाया गया। जनपद स्तर पर कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), सभी विकास खंडों और ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में किसानों ने देखा।

कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने किस्त प्राप्त करने वाले सभी किसानों को बधाई देते हुए कहा कि यह राशि खेती-किसानी के कार्यों में सहायक साबित होगी। साथ ही किसानों को ‘नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग’ के तहत प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 44 कृषि सखी एवं सीआरपी को प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र रघुवंशी, वैज्ञानिक डॉ. अमित सिंह, अवर अभियंता मानसिंह, विषय वस्तु विशेषज्ञ अरुण कुमार यादव और धानापुर विकास खंड के अमित कुमार प्रजापति मौजूद रहे।

इसके अलावा प्रगतिशील किसान रिपुसूदन पाण्डेय, ओंमकार सिंह, शारदा पाठक सहित बड़ी संख्या में किसान और कृषि सखियां कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button