उत्तर प्रदेशचंदौली

रंगदारी और साजिश के आरोप में खुशबू किन्नर गिरफ्तार

विस्फोट कांड की जांच में नया मोड़, सड़क जाम और रंगदारी मांगने के आरोप में भेजी गई जेल

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज निवासी खुशबू किन्नर को पुलिस ने रंगदारी मांगने, साजिश रचने और सड़क जाम करने जैसे गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मोहरगंज क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि कुछ माह पूर्व मोहरगंज स्थित किन्नरों के एक आवास को विस्फोट से उड़ाने की घटना सामने आई थी। उस समय खुशबू किन्नर ने अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू और विकास सिंह समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किन्नर समुदाय ने चहनिया में घंटों चक्काजाम भी किया था। पुलिस ने उस दौरान कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि विकास सिंह ने कोर्ट में सरेंडर किया था।

मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपी पक्ष के परिजनों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कुछ साक्ष्य प्रस्तुत किए। परिजनों ने आरोप लगाया कि खुशबू किन्नर ने पुलिस की मिलीभगत से खुद पर हमले और विस्फोट की साजिश रची थी। अभिषेक सिंह टिंकू से शादी का दावा करने वाली खुशबू पर यह भी आरोप है कि वह मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम की रंगदारी मांग रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन के निर्देश पर तत्कालीन थाना प्रभारी अतुल प्रजापति को हटा दिया गया और जांच एडीजी के निर्देश पर जौनपुर पुलिस को सौंप दी गई। जौनपुर पुलिस की जांच और उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद चंदौली पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ दबिश देकर खुशबू किन्नर को हिरासत में लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि खुशबू किन्नर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उनके खिलाफ धमकी देकर रंगदारी मांगने और नियमों के विरुद्ध सड़क जाम करने के आरोप दर्ज हैं। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

गिरफ्तारी के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मोहरगंज क्षेत्र में पुलिस लगातार गश्त कर रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति पैदा न हो।

Related Articles

Back to top button