उत्तर प्रदेशचंदौली

पेड़ से लटका मिला 10वीं की छात्रा का शव, हत्या या आत्महत्या? मामले की जांच में जुटी पुलिस

सकरारी गांव के पास सीसम के पेड़ से लटका मिला 16 वर्षीय पूजा यादव का शव, पैर जमीन से सटे होने पर ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक 10वीं की छात्रा का शव पेड़ से लटका मिला। घटना सकरारी गांव के पास कोहड़ा पुलिया के निकट की बताई जा रही है। मृतका की पहचान बंधवापर गांव निवासी पूजा यादव (16), पुत्री राजनरायन यादव के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण और राहगीर शौच के लिए सकरारी गांव की तरफ जा रहे थे, तभी उनकी नजर सीसम के पेड़ से लटकते एक शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोरी का शव फंदे से लटका हुआ था, लेकिन उसके पैर जमीन से सटे हुए थे। इस स्थिति को देखकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई लोगों ने आशंका जताई कि किशोरी की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटका दिया गया हो सकता है।

परिजनों के मुताबिक पूजा यादव इस वर्ष हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा दे रही थी। परीक्षा के बीच अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

इस मामले में थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटना की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button