बंद मकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी, ढाई लाख नकद और जेवरात लेकर फरार हुए चोर
गृहस्वामी के लौटने पर खुला राज, डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची पुलिस; आसपास के रास्तों से सुराग जुटाने में जुटी जांच टीम

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला चंदासी पुलिस चौकी अंतर्गत सिद्धार्थपुरम कॉलोनी का है, जहां बेखौफ चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर मकान का ताला तोड़कर ढाई लाख रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थपुरम कॉलोनी निवासी राजेश जायसवाल आरओ वाटर का व्यवसाय करते हैं। वह अपने परिवार के साथ किसी जरूरी कार्य से बाहर गए हुए थे। बुधवार रात वापस लौटते समय देर हो जाने के कारण वह पड़ाव स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर ही रुक गए।
गुरुवार सुबह जब वह अपने घर पहुंचे और मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुए तो घर का नजारा देखकर सन्न रह गए। कमरों के ताले टूटे हुए थे और घर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तुरंत चोरी की आशंका जताते हुए अलमारी की जांच की तो पता चला कि उसमें रखे करीब ढाई लाख रुपये नकद, एक सोने का हार, चार जोड़ी चांदी की पायल और दो मोबाइल फोन गायब हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाकों में सुराग जुटाने की कोशिश की। खोजी कुत्ता घर के आसपास के कुछ रास्तों तक गया, जिससे पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही चोरों तक पहुंचा जा सकेगा।
इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि चोरी की घटना संज्ञान में आई है। पीड़ित की तहरीर और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस टीम को जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की घटना के बाद सिद्धार्थपुरम कॉलोनी के निवासियों में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं और पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।



