सकलडीहा में गैस की कालाबाजारी पर सख्ती, एसडीएम कुंदन राज कपूर ने किया गैस एजेंसियों और गोदामों का औचक निरीक्षण
सकलडीहा, धानापुर और चहनिया में स्टॉक रजिस्टर की जांच; ओवररेटिंग पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी, सभी गोदामों में पर्याप्त गैस उपलब्ध

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। आम उपभोक्ताओं को रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए तहसील प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को सकलडीहा के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) कुंदन राज कपूर ने क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों और गोदामों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसडीएम कुंदन राज कपूर ने केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर खुद सकलडीहा, धानापुर और चहनिया क्षेत्र के गैस गोदामों पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर की गहन जांच की, ताकि गैस की उपलब्धता की वास्तविक स्थिति का पता चल सके। साथ ही मौके पर मौजूद ग्राहकों से सीधे संवाद कर गैस सिलेंडरों की निर्धारित कीमत और वसूली जा रही राशि के बारे में जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी हाल में ओवररेटिंग या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी एजेंसी के खिलाफ निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि निरीक्षण के दौरान कहीं भी गैस की कमी नहीं पाई गई। एसडीएम ने बताया कि सभी गोदामों में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। साथ ही एजेंसी संचालकों को भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से लंबी लाइनों में खड़ा न होना पड़े।
इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एसडीएम ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार की विशेष टीमें गठित की हैं, जो लगातार क्षेत्र में गैस गोदामों की निगरानी कर रही हैं। इस दौरान तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद और दिनेश चंद्र शुक्ला समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रशासन की इस सक्रियता से यह साफ संकेत मिला है कि सकलडीहा क्षेत्र में उपभोक्ताओं का हक मारने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी उपभोक्ता से निर्धारित दर से अधिक कीमत मांगी जाती है, तो वह सीधे तहसील प्रशासन को इसकी सूचना दे सकता है।



