उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली के 1.98 लाख किसानों के लिए खुशखबरी, 13 मार्च को पीएम मोदी भेजेंगे 39.65 करोड़

पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त सीधे खातों में होगी ट्रांसफर, जनपद के पंचायत भवनों पर होगा लाइव प्रसारण

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। जनपद के अन्नदाताओं के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है। आगामी 13 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ (PM-Kisan) योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस योजना के तहत चंदौली जिले के कुल 1,98,246 किसानों के बैंक खातों में सीधे धनराशि ट्रांसफर की जाएगी।

उप कृषि निदेशक भीमसेन ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार और कृषि निदेशालय (उत्तर प्रदेश) से प्राप्त निर्देशों के अनुसार 13 मार्च को शाम 05:00 बजे असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री रिमोट का बटन दबाकर देशभर के किसानों के खातों में योजना की किस्त भेजेंगे।

उन्होंने बताया कि इस बार अकेले चंदौली जिले के किसानों के खातों में कुल 39.65 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी। इससे जनपद के लगभग दो लाख किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर को लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद के कृषि विज्ञान केंद्र, सभी विकास खंडों और ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया जाएगा, ताकि किसान अपने क्षेत्र में ही इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।

उप कृषि निदेशक ने जनपद के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे 13 मार्च की शाम अपने-अपने विकास खंड और ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का लाभ उठाएं।

Related Articles

Back to top button