गैस किल्लत के बीच उपभोक्ताओं की जेब पर डाका, तय दर से अधिक वसूली का आरोप
बबुरी स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का हंगामा, 977 रुपये के सिलेंडर के बदले 1000 रुपये वसूलने का आरोप
रिपोर्ट: लारेंस सिंह
जनपद में रसोई गैस की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच गैस एजेंसियों की मनमानी और अवैध वसूली से आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है। ताजा मामला बुधवार को बबुरी कस्बा स्थित एक इंडेन गैस एजेंसी का सामने आया है, जहां उपभोक्ताओं ने निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे वसूले जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
बुधवार सुबह से ही गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। घंटों तक लंबी लाइन में खड़े रहने के बाद जब लोगों की बारी आई तो उनसे प्रति सिलेंडर 1000 रुपये मांगे गए। उपभोक्ताओं का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर का निर्धारित मूल्य 977 रुपये है, लेकिन सेल्समैन द्वारा जबरन 23 रुपये अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें सिलेंडर न देने की धमकी दी जाती है, जिससे मजबूरी में लोगों को अधिक पैसे देने पड़ रहे हैं।
एजेंसी पर मौजूद सर्वजीत मौर्य ने बताया कि वह काफी देर से लाइन में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन एजेंसी प्रबंधन द्वारा प्रभावशाली और पहुंच वाले लोगों को लाइन से हटकर पहले ही सिलेंडर दे दिए गए। वहीं मो. नसीम अहमद ने आरोप लगाया कि गैस की कमी का फायदा उठाकर खुलेआम ओवररेटिंग की जा रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि जिलाधिकारी पहले ही स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि कोई भी गैस एजेंसी शासन द्वारा निर्धारित दर से एक रुपया भी अधिक नहीं लेगी। इसके बावजूद बबुरी क्षेत्र में इस तरह की वसूली प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी को दर्शाती है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूर्ति विभाग और प्रशासनिक अधिकारी नियमित रूप से गैस एजेंसियों का निरीक्षण करें, ताकि इस तरह की मनमानी पर रोक लग सके।
फिलहाल इस मामले में एजेंसी संचालकों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन उपभोक्ताओं में इसको लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।



