उत्तर प्रदेशचंदौली

पांच दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का हुआ भव्य उद्घाटन

मां खण्डवारी पीजी कॉलेज में बीएड व डीएलएड द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा

रिपोर्ट: गणपत राय

चहनियां। मां खण्डवारी पीजी कॉलेज में बी.एड. एवं डी.एल.एड. द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित पांच दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ गुरुवार को महाविद्यालय के सभागार में किया गया। शिविर का उद्घाटन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ भाग लिया।

प्रशिक्षण शिविर का संचालन महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के स्काउट प्रशिक्षक गोरख सर, जिला स्काउट के मुख्य प्रशिक्षक सैयद अली अंसारी, मुख्य ट्रेनर महेंद्र कुमार, गुंजा दूबे, साक्षी गुप्ता और आंचला मैम के निर्देशन में प्रारंभ हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं की टोलियां बनाकर की गई। इसके बाद स्काउट की विभिन्न तालियों के प्रकारों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने स्काउट ध्वज फहराकर झंडे के महत्व और उससे जुड़ी नियमावली को विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों को अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता के गुणों से परिचित कराया गया।

उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि संस्था के प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने स्काउट के पांच दिवसीय प्रशिक्षण की उपयोगिता और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से शिविर में पूर्ण समर्पण और अनुशासन के साथ भाग लेने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि निदेशक अवनीश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट गाइड प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भरता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना सिखाता है। विभागाध्यक्ष डॉ. नवनीत कुमार तिवारी ने इसे पाठ्यक्रम का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि जीवन में प्रत्येक विद्यार्थी को कम से कम एक बार स्काउट गाइड प्रशिक्षण अवश्य करना चाहिए।

इस अवसर पर डॉ. अमरजीत यादव, डॉ. लवकुश पांडेय, राजेश सिंह, आनंद पांडेय, अवनीश गुप्ता, सुनीता गुप्ता, डॉ. सीमा सिंह, परमहंस, राजीव, वैशाली, नीतू और काजल सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व और सामाजिक सेवा की भावना को व्यवहारिक रूप से सीखने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button