उत्तर प्रदेशचंदौली

होली और रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक, माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

धीना थानाध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव बोले – सोशल मीडिया पर निगरानी, अराजक तत्वों को नहीं बख्शा जाएगा

रिपोर्ट: अवधेश राय

चंदौली: होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम प्रधान, समाजसेवी एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया और आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए धीना थानाध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी त्योहार को सकुशल संपन्न कराने में सभ्य समाज की अहम भूमिका होती है। उन्होंने सभी से अपील की कि होली और रमजान के दौरान आपसी भाईचारे और सौहार्द को बनाए रखें।

थानाध्यक्ष ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शराब पीकर या अन्य किसी भी तरह से माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गांवों में ऐसे तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी माहौल खराब होने की आशंका हो तो तत्काल नजदीकी पुलिस चौकी या थाने को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भड़काऊ या विवादित पोस्ट साझा करने से बचने की अपील की गई।

बैठक में कमालपुर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक प्रेम नारायण सिंह, कांस्टेबल लल्लन प्रसाद सहित कई पुलिसकर्मी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से त्योहारों को शांतिपूर्वक और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button