उत्तर प्रदेशचंदौली

अकौनी गांव में 40.42 लाख की लागत से बने राजकीय नलकूप का लोकार्पण

रमेश जायसवाल बोले— नलकूप से किसानों को सिंचाई में मिलेगी बड़ी राहत, क्षेत्र में और ट्यूबवेल भी लगाए जाएंगे

रिपोर्ट: गणपत राय

मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्र ग्रामसभा अकौनी में जनहित में एक महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरा हुआ। राजकीय नलकूप निर्माण परियोजना के अंतर्गत राजकीय नलकूप संख्या 454 एमजीएस का निर्माण लगभग 40 लाख 42 हजार रुपये की लागत से कराया गया, जिसका लोकार्पण स्थानीय विधायक रमेश जायसवाल की उपस्थिति में गांव की जनता के हाथों कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक रमेश जायसवाल ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि इस नलकूप के चालू होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि पहले नलकूप की व्यवस्था न होने के कारण किसानों को खेती के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि उन्हें याद है कि अकौनी क्षेत्र के किसान लगातार उनके पास आकर नलकूप की मांग कर रहे थे। किसानों के उसी प्रयास और मांग का परिणाम है कि आज यह ट्यूबवेल चालू हो गया है और किसानों को इसका लाभ मिलने लगा है।

विधायक ने यह भी बताया कि क्षेत्र में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग 15 और ट्यूबवेल लगाए जा रहे हैं। इससे पूरे विधानसभा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी और कृषि कार्य को मजबूती मिलेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम में नलकूप विभाग के अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता विनय वर्मा, सत्येंद्र सिंह बीनू, वीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, लकड़ू सिंह, सुमित तिवारी, कोमल यादव, विधायक प्रतिनिधि संजय कनौजिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button