उत्तर प्रदेशचंदौली

महावलपुर में जाम नालियों से सड़क पर बह रहा गंदा पानी, ग्रामीणों ने किया विरोध

नियामताबाद ब्लॉक के गांव में एक साल से नहीं हुई सफाई, रमजान और होली से पहले लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी

रिपोर्ट: गणपत राय

दुलहीपुर। क्षेत्र के महावलपुर गांव में नालियों की सफाई न होने से गंदा पानी गलियों और मुख्य मार्ग पर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रमजान माह के दौरान नमाज पढ़ने जाने वाले लोगों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं होली पर्व से पहले भी गांव में सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग एक वर्ष से नालियों की सफाई नहीं हुई है, जिसके कारण नाबदान का पानी ओवरफ्लो होकर रास्तों पर फैल रहा है। गांव में नियमित साफ-सफाई भी नहीं हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण गंदे पानी के पास इकट्ठा हुए और प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि शासन स्तर पर हर गांव में आबादी के अनुसार सफाई कर्मियों की नियुक्ति की गई है, लेकिन कई जगहों पर सफाई कर्मी गांव में दिखाई ही नहीं देते। पूर्व प्रधान महेंद्र कुमार शर्मा का आरोप है कि ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत के कारण सफाई व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो रही है, जिससे गांव में गंदगी का अंबार लग गया है।

जाम नालियों से उठ रही दुर्गंध के कारण ग्रामीणों को संक्रामक बीमारियों का भी डर सता रहा है। लोगों का कहना है कि गांव में एक साल से नालियों की सफाई नहीं हुई, जिसके चलते नाली का पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य मार्ग पर बह रहा है। इस रास्ते से ही गांव के लोग रोजाना आते-जाते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समय रमजान का महीना चल रहा है और हिंदू समाज का प्रमुख त्योहार होली भी नजदीक है। ऐसे में साफ-सफाई न होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। प्रदर्शन के दौरान महेंद्र कुमार शर्मा (पूर्व प्रधान), रामपति, प्यारेलाल, रमेश कुमार, कन्हैयालाल, छेदी, कैलाश, गुड्डू, रामनाथ, शिवानंद जायसवाल, बिहारी, मिंटू, महेश कुमार, सुरेश कुमार, रामेंद्र कुमार, अमित कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button