मुगलसराय–चकिया मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ऑटो और पिकअप की टक्कर में एक की मौत
चुप्पेपुर गांव के पास अनियंत्रित ऑटो पलटा; चार लोग घायल, दो की हालत गंभीर
रिपोर्ट: गणपत राय
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा मुगलसराय-चकिया मार्ग पर चकिया कोतवाली क्षेत्र के चुप्पेपुर गांव के पास हुआ। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
मिली जानकारी के अनुसार बबुरी क्षेत्र से आधा दर्जन सवारियों को लेकर एक ऑटो चकिया की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही ऑटो चुप्पेपुर गांव के पास पहुंचा, वह अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही पिकअप (मैजिक) वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पलट गया और उसमें बैठे लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। इस बीच ऑटो चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना में करीब 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया ले जाया गया, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसा वाहन के अनियंत्रित होने की वजह से हुआ प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और अव्यवस्थित यातायात के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।



