गंगा किनारे मिला 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव
दुलहीपुर के मवई गांव रिंग रोड पुल के नीचे मिला शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रिपोर्ट: गणपत राय
दुलहीपुर थाना क्षेत्र के शिवाला चौकी अंतर्गत मवई गांव स्थित रिंग रोड पुल के नीचे गंगा नदी किनारे बुधवार की शाम एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव दिखते ही यह खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, ओवरब्रिज पर कार्य कर रही कंपनी के कर्मचारियों ने गंगा नदी में एक युवक का शव किनारे तैरता हुआ देखा। कर्मचारियों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय थाने को अवगत कराया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। युवक ने काले रंग की टी-शर्ट और लोवर पहन रखा था। उसके दाहिने हाथ में धागा और कड़ा बंधा हुआ था, जो पहचान का एक अहम संकेत हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। पुलिस ने लोगों से संयम बरतने की अपील की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि शव बहकर यहां आया है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस द्वारा आसपास के थानों से संपर्क कर युवक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात युवक की पहचान कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



