तालाब में डूबने से बुजुर्ग महिला की मौत, शौच के लिए गई थी घर से बाहर
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के धरना गांव में हादसा, फिसलने से गहरे पानी में गिरी महिला
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के धरना गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतका की पहचान धरना गांव निवासी कलावती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह सुबह शौच के लिए गांव के पास स्थित तालाब के किनारे गई थीं। इसी दौरान तालाब के किनारे उनका पैर अचानक फिसल गया, जिससे वह संतुलन खो बैठीं और तालाब के गहरे पानी में गिर गईं।
तालाब गहरा होने के कारण कलावती देवी बाहर नहीं निकल सकीं और मौके पर ही उनकी डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे चौकी इंचार्ज अजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



