धानापुर पुलिस की सराहनीय पहल, छह गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे
करीब 1.16 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन CCTNS निगरानी के जरिए किए गए ट्रेस, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई

रिपोर्ट: गणपत राय
धानापुर। स्थानीय पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामदगी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए छह मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 1 लाख 16 हजार 500 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगे के निर्देश पर की गई।
गुम और चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा श्रीमती स्नेहा तिवारी के निर्देशन में थाना धानापुर की टीम सक्रिय रही। प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में थाना धानापुर के CCTNS कार्यालय द्वारा गुम हुए मोबाइलों की लगातार तकनीकी निगरानी की गई।
निगरानी के दौरान ट्रेस हुए मोबाइल फोन विभिन्न माध्यमों से थाना परिसर में प्राप्त किए गए। बरामद मोबाइल अलग-अलग कंपनियों के थे, जिन्हें विधिक प्रक्रिया के बाद क्षेत्राधिकारी सकलडीहा द्वारा उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया।
अपने गुम हुए मोबाइल वापस पाकर सभी मालिकों ने चंदौली पुलिस की कार्यशैली की सराहना की और पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।



