उत्तर प्रदेशचंदौली

सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर NIC चंदौली ने किया व्यापक साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

कलेक्ट्रेट सभागार और राजकीय पॉलिटेक्निक में हुए कार्यक्रम, साइबर अपराधों से बचाव की दी गई विस्तृत जानकारी

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) चंदौली द्वारा जनपदवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार की उपस्थिति में तथा राजकीय पॉलिटेक्निक चंदौली परिसर में संपन्न हुआ। इसमें अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान NIC के तकनीकी विशेषज्ञों ने डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को मालवेयर, स्पायवेयर, फिशिंग लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग जैसे साइबर खतरों के बारे में सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया।

विशेषज्ञों ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक विवरण या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक या एप्लिकेशन डाउनलोड करने से बचें। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। समय पर की गई शिकायत से आर्थिक नुकसान को रोका जा सकता है।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति अनजाने में किसी साइबर गतिविधि में फंस जाता है, तो घबराने के बजाय संबंधित प्राधिकरण से संपर्क कर कानूनी प्रक्रिया के अनुसार अपना पक्ष रखें। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की शपथ दिलाई गई और साइबर सुरक्षा से संबंधित जागरूकता सामग्री वितरित की गई।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मोहम्मद सोराका, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। NIC चंदौली ने जनपदवासियों से सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button