ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
कमालपुर के अलीनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसा, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

रिपोर्ट: अवधेश राय
कमालपुर। अलीनगर थाना क्षेत्र के सरेसर गांव के समीप सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 44 वर्षीय बाल मुकुंद अग्रहरि की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बाल मुकुंद अपने पड़ोसी नीरज मोदनवाल उर्फ निक्की के साथ बाइक से वाराणसी जा रहे थे। देर रात सड़क पर बने ब्रेकर के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
हादसे में बाल मुकुंद अग्रहरि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीरज मोदनवाल घायल हो गए, जिनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक के छोटे भाई चंदन अग्रहरि की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मृतक की मां श्यामरति सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि बाल मुकुंद अग्रहरि मुंबई में एक निजी विद्यालय में स्कूली बस चालक के रूप में कार्यरत थे। वह बीते 8 फरवरी को अपने पिता गोर्वधन अग्रहरि के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव आए थे और मंगलवार को मुंबई लौटने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही हादसे में उनकी मौत हो गई।



