उत्तर प्रदेशचंदौली

मुगलसराय के डॉ. अभिमन्यु पांडेय को ऑक्सफोर्ड और ब्रिटिश संसद का आमंत्रण

लंदन के हाउसेस ऑफ पार्लियामेंट में ‘होलिस्टिक मेडिसिन कॉन्फ्रेंस 2026’ में विशिष्ट डेलीगेट के रूप में होंगे शामिल

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के लिए यह क्षण गर्व और गौरव से भरा हुआ है। मुगलसराय के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु पांडेय को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और ब्रिटिश संसद से जुड़े एक अत्यंत सम्मानजनक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए आधिकारिक आमंत्रण प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे देश के चिकित्सा जगत के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है।

डॉ. अभिमन्यु पांडेय को यह आमंत्रण मर्टन कॉलेज, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की वरिष्ठ अकादमिक और द 1928 इंस्टीट्यूट की को-चेयर डॉ. निकिता वेद (MBE) द्वारा भेजा गया है। आगामी 10 अप्रैल 2026 को लंदन स्थित हाउसेस ऑफ पार्लियामेंट (ब्रिटिश संसद) परिसर में आयोजित होने वाली ‘होलिस्टिक मेडिसिन कॉन्फ्रेंस 2026’ में वे बतौर विशिष्ट डेलीगेट शिरकत करेंगे।

यह सम्मान उन्हें होलिस्टिक एवं होम्योपैथिक मेडिसिन, विशेष रूप से अर्थराइटिस और ऑटो इम्यून डिजीज के क्षेत्र में किए गए शोध और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है।

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर डॉ. पांडेय ब्रिटिश सांसद शिवानी राजा (MP), बैरोनेस वर्मा, लॉर्ड रवल सहित विश्वस्तरीय नीति-निर्माताओं और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। यह सम्मेलन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी सचिवालय और इंडिया ऑल-पार्टी पार्लियामेंट्री ग्रुप (APPG) के समर्थन से आयोजित किया जा रहा है, जो भारत-ब्रिटेन के बीच चिकित्सा एवं शोध सहयोग को नई दिशा देगा।

अपनी इस उपलब्धि पर डॉ. अभिमन्यु पांडेय ने कहा कि ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और ब्रिटिश संसद जैसे संस्थानों से मान्यता मिलना किसी भी चिकित्सक के लिए सर्वोच्च सम्मान है और वे इस वैश्विक मंच पर भारत की ज्ञान-परंपरा और आधुनिक चिकित्सा अनुसंधान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस उपलब्धि के बाद से चिकित्सा जगत और जनपद में हर्ष का माहौल है। इसे उत्तर प्रदेश के किसी चिकित्सक को मिला अब तक के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मानों में से एक माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button