डीडीयू नगर में नगर पालिका की समस्याओं को लेकर सपा का धरना, भ्रष्टाचार के आरोप
पालिका कार्यालय के सामने बैठे सपा कार्यकर्ता, ईओ और अध्यक्ष पर साधा निशाना

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर पालिका क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न समस्याओं और कथित भ्रष्टाचार को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। धरने के माध्यम से सपा कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराज़गी जाहिर की।
सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका क्षेत्र में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, लेकिन इसके बावजूद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष पूरी तरह मौन साधे हुए हैं। जनता की मूलभूत समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
धरना दे रहे सपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका कार्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरने में सपा जिला अध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, पूर्व सपा विधायक प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव, मुसाफिर सिंह चौहान, सुदामा यादव, अमरनाथ जायसवाल, औसाफ अहमद गुड्डू, स्वदेशी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



