उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में कृषि योजनाओं की समीक्षा, संयुक्त कृषि निदेशक ने दिए सख्त निर्देश

कार्यालय निरीक्षण से लेकर खेतों तक पहुंचे अधिकारी, फार्मर रजिस्ट्री और खाद्य सुरक्षा मिशन की प्रगति पर फोकस

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। संयुक्त कृषि निदेशक वाराणसी मंडल श्री शैलेंद्र कुमार ने मंगलवार को उप कृषि निदेशक कार्यालय, चंदौली का निरीक्षण किया। इस दौरान उप कृषि निदेशक भीमसेन सहित विभागीय कर्मचारी और योजना प्रभारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के क्रम में जनपद में संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की गहन समीक्षा की गई। संयुक्त कृषि निदेशक ने योजनाओं की वित्तीय प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान फार्मर रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत ग्रीन, एंबर, रेड और येलो डाटा की समीक्षा की गई। लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजना के तहत तिरपाल, बखारी और आयोजित प्रदर्शनों में कृषि निवेश वितरण एवं डीबीटी की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को कार्य में प्रगति लाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

संयुक्त कृषि निदेशक ने विकास खंड नियामताबाद के ग्राम खरगीपुर में गेहूं (लाइन सोविंग) प्रदर्शन का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान क्लस्टर प्रभारी रोहित वर्मा, एटीएम ने जानकारी दी कि 10 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं प्रजाति डीबीडब्ल्यू-187 (करण वंदना) एवं मसूर गिनी किट का प्रदर्शन कराया गया है। किसानों श्रीमती केवला देवी, श्री त्रिभुवन और श्री लालचंद्र के खेतों का भ्रमण किया गया, जहां गेहूं की फसल अच्छी अवस्था में पाई गई।

इसके साथ ही खेत तालाब योजना अंतर्गत प्रतापपुर परियोजना का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कृषक श्री रामलोचन सिंह, परियोजना प्रभारी, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-बी एवं भूमि संरक्षण अधिकारी चंदौली मौजूद रहे। अधिकारियों ने योजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर जोर दिया।

Related Articles

Back to top button