उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली के युवाओं को मिलेगा ब्याज मुक्त ऋण, ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ से बढ़ेगा स्वरोजगार

MSME को बढ़ावा देने के लिए 5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण, वित्तीय वर्ष 2025–26 में जनपद को 1700 इकाइयों का लक्ष्य

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली जनपद के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ योजना की शुरुआत की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) को बढ़ावा देते हुए रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उपायुक्त उद्योग अधिकारी सिद्धार्थ यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना का लक्ष्य आगामी 10 वर्षों में प्रदेशभर में कुल 10 लाख नई सूक्ष्म इकाइयों की स्थापना करना है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक वर्ष 1 लाख नई इकाइयां स्थापित की जाएंगी। वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए चंदौली जनपद को 1700 इकाइयों का लक्ष्य आवंटित किया गया है।

योजना के अंतर्गत उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में नया व्यवसाय शुरू करने के लिए पात्र युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ऋण चार वर्षों के लिए पूर्णतः ब्याज मुक्त उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें आवेदक को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं का अंशदान देना होगा। साथ ही 10 प्रतिशत अतिरिक्त मार्जिन मनी सब्सिडी भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रति लेनदेन 1 रुपये तथा प्रति इकाई प्रतिवर्ष अधिकतम 2000 रुपये का अतिरिक्त अनुदान भी दिया जाएगा। CGTMSE कवरेज के लिए आवश्यक धनराशि का वहन सरकार द्वारा किया जाएगा।

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का उत्तर प्रदेश का निवासी होना अनिवार्य है। आयु सीमा 21 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है तथा न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 8वीं पास या इंटरमीडिएट/समकक्ष रखी गई है। आवेदक ने पूर्व में पीएम स्वनिधि योजना को छोड़कर किसी अन्य राज्य या केंद्र सरकार की योजना में ब्याज अथवा पूंजी अनुदान का लाभ न लिया हो।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक युवा किसी भी कार्यदिवस में उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र कार्यालय, चंदौली से संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button