उत्तर प्रदेशचंदौली

सिहावल यादव बस्ती का संपर्क मार्ग बदहाल, राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानी

विकासखंड मुख्यालय से चंद दूरी पर कीचड़युक्त सड़क, बच्चों व मरीजों को आवागमन में हो रही दिक्कत

रिपोर्ट: अवधेश राय

धानापुर। विकासखंड मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित सिहावल गांव की यादव बस्ती का संपर्क मार्ग बीते कई वर्षों से बदहाल स्थिति में है। सड़क की जर्जर हालत के चलते ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मार्ग से होकर स्कूल जाने वाले बच्चों, अस्पताल जाने वाले मरीजों और आम लोगों को गुजरना पड़ता है, लेकिन कीचड़ और गड्ढों के कारण रास्ता जानलेवा बन गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के जीर्णोद्धार को लेकर कई बार ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख और विधायक से शिकायत की गई, बावजूद इसके अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जब लोगों को घुटनों तक कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है।

गांव के समाजसेवी व पत्रकार ओमकार यादव, कैलाश यादव, बब्बन यादव, शेषनाथ यादव, संतोष यादव, बीरेंद्र यादव, जितेंद्र यादव, गुड्डू यादव, कमलेश यादव और सुभाष यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके घरों के सामने से निकलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंदौली चंद्र मोहन गर्ग का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि चंदौली जिले की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट टॉपर रहीं श्वेता यादव का घर भी इसी बदहाल मार्ग पर स्थित है। शासन के निर्देश पर श्वेता यादव को मिशन शक्ति के तहत एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया था, इसके बावजूद उनके गांव का यह मार्ग आज भी बदहाली का शिकार है।

इस संबंध में ग्राम प्रधान राम जी कुशवाहा ने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव विधायक निधि से भेजा जा चुका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही धनराशि का आवंटन होगा, सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू करा दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button